
Jamshedpur: जमशेदपुर के सोनारी स्थित मरीन ड्राइव पर बने बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले का खुलासा करने में जुटी पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए घटना की साजिश में शामिल चार मुख्य साजिशकर्ताओं को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को जमशेदपुर लाया गया है, जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

खाना खाते समय 3 हमलावरों ने चलाई थीं 11 राउंड गोलियां
26 सितंबर को बिंदल मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी बैठकर खाना खा रहे थे। तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश हमलावर पहुंचे और रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर उन पर अंधाधुंध करीब 11 राउंड गोलियां चला दीं। इस अचानक हुई गोलीबारी से पूरे मॉल में भगदड़ मच गई। घटना में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज फिलहाल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में चल रहा है।

रायपुर के टोल प्लाजा से दबोचे गए 4 साजिशकर्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने एसआईटी (SIT) का गठन किया था। तकनीकी सुरागों का पीछा करते हुए एसआईटी की टीम छत्तीसगढ़ पहुंची और रायपुर पुलिस के सहयोग से टोल प्लाजा के पास से चार संदिग्धों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपू ओझा के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ के बाद रायपुर पुलिस ने चारों को जमशेदपुर पुलिस की टीम को सौंप दिया।
जमीन कारोबार और पुरानी रंजिश बनी वजह
पुलिस की अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए चारों आरोपी इस पूरी वारदात की साजिश रचने और हमलावरों को सहयोग प्रदान करने में शामिल थे। घटना के पीछे की मुख्य वजह जमीन के कारोबार से जुड़ा विवाद और आपसी पुरानी रंजिश बताई जा रही है। जमशेदपुर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि गोली चलाने वाले मुख्य हमलावरों तक पहुंचा जा सके।


