
Ranchi: राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोपों को लेकर एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में मारपीट, जान से मारने की धमकी और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने जैसे कई आरोप लगाए गए हैं।

महिला की लिखित शिकायत पर डोरंडा थाने में 28 सितंबर को कांड संख्या 231/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3/4 लगाई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिसंबर 2023 में हुई थी शादी
FIR के मुताबिक, लोअर बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय महिला की शादी 20 दिसंबर 2023 को डोरंडा के निजाम नगर मनीटोला निवासी सीनान आलम के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। महिला का दावा है कि शादी के समय उसके पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार घरेलू सामान और करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण दिए थे। इसके बावजूद शादी के बाद दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा।
24 जुलाई को मारपीट करने का आरोप
शिकायतकर्ता ने FIR में आरोप लगाया है कि 24 जुलाई 2026 को ससुराल में उसके साथ गंभीर रूप से मारपीट की गई। इससे उसके गाल, गर्दन, हाथ और सिर में चोट लगी। इसके बाद उसका डोरंडा अस्पताल में इलाज कराया गया। महिला ने पति के अलावा सास, ससुर और देवर पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है।
बच्ची को पटकने का भी लगाया आरोप
FIR में महिला ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मारपीट के दौरान उसकी बच्ची को भी कथित तौर पर पटक दिया गया, जिसके बाद उसे बच्ची की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बच्ची के जन्म के बाद बेटी होने की वजह से उसे और ज्यादा ताने और प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
पति पर चाकू लेकर दौड़ाने का आरोप
शिकायत में महिला ने दावा किया है कि 24 जुलाई की घटना के दौरान उसका पति कथित तौर पर चाकू लेकर उसकी ओर बढ़ा। डरकर वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी और मदद मांगी।
मायके वाले पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट का आरोप
FIR के अनुसार, फोन मिलने के बाद महिला के पिता, भाई और परिवार के अन्य सदस्य उसके ससुराल पहुंचे। आरोप है कि जब उन्होंने मामले को लेकर बातचीत करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद मायके वाले महिला को वहां से अस्पताल ले गए।
पैसे मांगने का दबाव और तलाक की धमकी का दावा
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसे मायके से पैसे मांगने के लिए लगातार दबाव दिया जाता था। शादी में मिले फर्नीचर और कपड़ों को लेकर भी ताने दिए जाते थे। उसने परिवार से बातचीत करने से रोकने, बार-बार तलाक और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए हैं। महिला का यह भी आरोप है कि खाने-पीने की चीजों वाले फ्रिज में ताला लगा दिया जाता था और कई बार उसे दो से तीन घंटे तक कमरे में बाहर से बंद रखा जाता था। महिला की शिकायत पर डोरंडा पुलिस ने पति सीनान आलम, ससुर कारी जान मुहम्मद मुस्ताफी, सास कौसर आरा और देवर सलमान आलम को नामजद आरोपी बनाया है।


