
पटना/कैमूर: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कैमूर परिवहन विभाग के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में उनकी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से करीब 1.49 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं।

ज्ञात आय से 148.10 फीसदी अधिक संपत्ति का आरोप
आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक, जांच में सामने आई संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 फीसदी अधिक पाई गई है। इसी आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

EOU ने इस मामले में थाना कांड संख्या 26/26 दर्ज किया है। इसके बाद विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।
भोजपुर और दानापुर में EOU की छापेमारी
30 सितंबर की सुबह पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में आर्थिक अपराध इकाई की दो टीमों ने एक साथ तलाशी अभियान चलाया। एक टीम ने भोजपुर स्थित अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास पर तलाशी ली, जबकि दूसरी टीम दानापुर के साई वरदान सिटी स्थित फ्लैट नंबर 609पहुंची। दोनों ठिकानों पर अधिकारियों ने संपत्ति और वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेजों समेत अन्य सामग्रियों की जांच की।
तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
EOU की कार्रवाई अभी जारी है। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य सामग्री के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। एजेंसी के अनुसार, तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।


