
Ranchi: दुर्गा पूजा के दौरान आम लोगों और पूजा पंडालों की सुरक्षा को देखते हुए विद्युत आपूर्ति अंचल रांची यानी JBVNL ने पूजा कमेटियों और आम जनता के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी की है। विभाग ने साफ कहा है कि त्योहार में किसी भी तरह के हादसे से बचने के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। बिजली विभाग ने सभी पूजा समितियों से कहा है कि वे लीगल कनेक्शन लेकर ही बिजली का इस्तेमाल करें। यह कनेक्शन तय लोड के हिसाब से LT आर्मर्ड केबल, MCB, आइसोलेटर और मेन स्विच लगाकर ही दिया जाना चाहिए। पंडालों में सजावट, लाइटिंग या जनरेटर के लिए कटे फटे तारों का इस्तेमाल पूरी तरह बैन रहेगा और वायरिंग का काम ट्रेंड इलेक्ट्रीशियन से ही कराना होगा।

हाईटेंशन लाइनों से दूरी और आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम
गाइडलाइन के मुताबिक पंडालों को आसपास से गुजर रही हाईटेंशन या LT तारों से सुरक्षित दूरी पर ही बनाया जाना चाहिए। बिजली के तारों और उपकरणों को आग पकड़ने वाले सामानों से दूर रखने, उपकरणों के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग करने और कंट्रोल रूम का रास्ता खुला रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर और बालू से भरी बाल्टियां रखना अनिवार्य किया गया है। विसर्जन जुलूस को लेकर विभाग ने खास चेतावनी दी है कि गाड़ियों की छतों पर किसी को भी बैठने न दिया जाए और झांकी की कुल ऊंचाई जमीन से 4 मीटर यानी 13 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी डंडे या बांस से बिजली के तारों को न छुएं।

आपात स्थिति के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
त्योहार के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायतों या इमरजेंसी के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। रांची अंचल के शिकायत निवारण केंद्र का नंबर 9431135682 है। इसके साथ ही JBVNL जन समस्या निवारण केंद्र के नंबर 9031110118, 9031110119 और 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है।
इलाके के इंजीनियरों से भी सीधे कर सकेंगे संपर्क
किसी खास दिक्कत की स्थिति में लोग अपने क्षेत्र के कार्यपालक अभियंताओं से फोन या व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए रांची अंचल के विद्युत अधीक्षण अभियंता का नंबर 9431135662, रांची सेंट्रल का नंबर 9431135613, डोरंडा का नंबर 9431135608, न्यू कैपिटल का नंबर 9431135620, रांची ईस्ट का नंबर 9431135614, रांची वेस्ट का नंबर 9431135664, कोकर का नंबर 9431135615 और खूंटी इलाके के लिए 9431135616 जारी किया गया है।


