
Ranchi: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरमू रोड स्थित गाड़ीखाना इलाके से एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां से बदमाशों ने कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह के बेटे किशन सिंह का दिनदहाड़े सुनियोजित तरीके से अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद से ही शहर के राजनीतिक गलियारों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

SSP के निर्देश पर पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी तुरंत Ranchi SSP राकेश रंजन को दी गई। SSP के सख्त निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और शहरभर में घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि अपहृत युवक को बदमाश ओरमांझी इलाके की तरफ ले गए हैं। इसके बाद कोतवाली पुलिस और ओरमांझी पुलिस ने एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया।

ओरमांझी से घायल हालत में मिले किशन सिंह, लूटपाट भी हुई
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ओरमांझी इलाके से किशन सिंह को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, अपहरण के दौरान बदमाशों ने उनके साथ जमकर मारपीट की थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अपराधियों ने उनके पास मौजूद कीमती सामान और पैसे भी लूट लिए। पुलिस ने पीड़ित को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में कोतवाली थाने में FIR दर्ज कर ली गई है।
कुछ दिन पहले MLA के बेटे का भी हुआ था अपहरण
शहर के व्यस्त इलाके से हुई इस वारदात के बाद आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों में काफी डर और नाराजगी देखी जा रही है। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले एमिटी यूनिवर्सिटी के पास से LJPR (लोजपा-आर) के MLA जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ का भी अपहरण हुआ था, जिसे रांची पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर बरामद कर लिया था। उस मामले में विधानसभा थाने में केस दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस किशन सिंह के अपहरण में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


