
Ranchi: रांची नगर निगम के राजस्व (टैक्स) कलेक्शन में उम्मीद के मुताबिक सुधार न होने पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को लक्ष्य के हिसाब से एक्शन प्लान तैयार कर वसूली में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार को नगर निगम में राजस्व संग्रह और राजस्व निरीक्षकों (RI) के कामकाज की समीक्षा के लिए एक अहम बैठक बुलाई गई थी।

एजेंसी हटने के बाद घटा टैक्स कलेक्शन, अफसरों को मिला वार्डवार टारगेट
बैठक के दौरान पुरानी प्राइवेट एजेंसी के हटने के बाद नगर निगम स्तर पर किए जा रहे टैक्स कलेक्शन, हर एक राजस्व निरीक्षक की दैनिक वसूली और तय टारगेट के मुकाबले हुई कमाई की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि टैक्स वसूली का स्तर तय लक्ष्य से काफी कम है। इस पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों, नगर प्रबंधकों और कर संग्रहकर्ताओं को हर वार्ड का व्यावहारिक टारगेट तय कर रोजाना समीक्षा करने का आदेश दिया।

हर वार्ड के टॉप 500 बकायेदारों पर होगी प्राथमिकता से कार्रवाई
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर वार्ड के टॉप 500 बड़े बकायेदारों की लिस्ट तैयार करें और उनकी वर्तमान स्थिति की जांच करें। इन बड़े बकायेदारों से लंबित टैक्स की वसूली प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। जिन वार्डों और इलाकों में टैक्स कलेक्शन सबसे कम हुआ है, उन्हें चिन्हित कर वहां विशेष वसूली अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर होगी कार्रवाई, सही आंकड़े पेश करने के निर्देश
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों और कर्मियों को राजस्व से जुड़े सही, अपडेटेड और सत्यापित आंकड़े तय समय के भीतर जमा करने होंगे। इसके साथ ही आगे से होने वाली सभी समीक्षा बैठकों में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई है। इस बैठक में नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक, कर संग्रहकर्ता और राजस्व शाखा के अन्य कर्मी मौजूद थे।


