
Hazaribagh News: हजारीबाग SP ने बुधवार को बड़कागांव थाने का औचक निरीक्षण कर पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। थाने पहुंचते ही उन्होंने फाइलों को बारीकी से खंगालना शुरू किया और इलाके की कानून व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। काम में लापरवाही बरतने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए SP ने साफ कहा कि फाइलों को दबाकर रखने का खेल अब नहीं चलेगा और पेंडिंग मामलों को तेजी से निपटाना होगा।

फरार अपराधियों और ड्रग्स सिंडिकेट पर शिकंजे की तैयारी
निरीक्षण के दौरान SP ने वारंट और कुर्की जब्ती से जुड़ी फाइलों की समीक्षा की। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे सभी वांटेड और फरार अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। इसके साथ ही अवैध नशे के कारोबार से जुड़े मुकदमों में आरोपियों को दबोचने को पहली प्राथमिकता बनाने और इलाके में नशे के खिलाफ जोरदार जन-जागरूकता अभियान चलाने का आदेश दिया।

NTPC कोल माइंस में चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग और माफियाओं पर कड़ा प्रहार
क्षेत्र में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों पर नकेल कसने के लिए रणनीति तैयार की गई। NTPC और उससे जुड़े कोल माइंस इलाकों में, जहां भारी पैमाने पर खनन और ट्रांसपोर्टिंग होती है, पुलिस की लगातार गश्त बढ़ाने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह की लूट, चोरी या डकैती की वारदात न हो सके। इसके साथ ही अवैध बालू, कोयला और दूसरे सामानों की तस्करी में लगे माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पुलिस अफसरों को बिना किसी दबाव के सीधी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पेंडिंग केसों का तुरंत निपटारा और आम जनता से सीधा संवाद
जांच अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी गई कि वे केस डायरी और अनुसंधान को बेवजह न लटकाएं और सभी मामलों का निपटारा जल्द से जल्द करें। इलाके में अपराध मुक्त माहौल बनाने और रियल टाइम खुफिया इनपुट जुटाने के लिए पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार बेहतर तालमेल बनाकर रखने पर जोर दिया गया।


