
नारदीगंज (नवादा): दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नारदीगंज थाना पुलिस अलर्ट मोड में है। थाना प्रभारी राजेश कुमार के निर्देश पर बुधवार की शाम थाना क्षेत्र के कहुआरा मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व एसआई अभिषेक कुमार ने किया। इस दौरान एसआई संतोष कुमार, रणजीत कुमार सुमन, सिपाही चंदन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।

दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच
वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की सलाह दी। साथ ही यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचने की अपील की।
दुर्गा पूजा को लेकर बढ़ाई गई सतर्कता
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ और आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए प्रमुख स्थानों और मार्गों पर जांच अभियान आगे भी चलाया जा सकता है।


