
Hazaribagh: हजारीबाग शहर के शिवदयाल नगर स्थित वार्ड नंबर 23 की विजयपथ गली में सड़क और नाली की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। दुर्गा मंदिर के बगल से गुजरने वाला यह मुख्य रास्ता पूरी तरह टूट चुका है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क किनारे खुली नाली होने की वजह से आए दिन राहगीरों के गिरने और चोटिल होने का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में गड्ढों में जलजमाव होने से स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो जाती है।

जर्जर सड़क बनी जानलेवा, इलाज में देरी से महिला की मौत का आरोप
सड़क की खराब स्थिति का सबसे खौफनाक असर स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासी सुधीर कुमार चौधरी ने बताया कि बीते एक महीने के भीतर इस रास्ते से तीन प्रसव पीड़ित (गर्भवती) महिलाओं को अस्पताल ले जाना पड़ा। सड़क इतनी खराब है कि गाड़ियां तेजी से नहीं निकल पातीं। उन्होंने दावा किया कि इस देरी और झटकों के कारण इनमें से एक महिला की जान चली गई। मरीजों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना किसी दुःस्वप्न से कम नहीं है।

नगर निगम में शामिल होने के बावजूद नहीं सुधरे हालात
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके को पंचायत क्षेत्र से हटाकर नगर निगम में शामिल तो कर लिया गया, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के नाम पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। खराब सड़क के चलते रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों, साइकिल सवारों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
टैक्स वसूली पर जोर, सुविधाओं पर अनदेखी का आरोप
एक अन्य स्थानीय निवासी अनिल तिवारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वार्ड नंबर 23 को शहर के पॉश और वीआईपी इलाकों में गिना जाता है। इसके बावजूद यहां बुनियादी नागरिक सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से इलाके के लोगों से समय पर टैक्स तो लिया जा रहा है, लेकिन जर्जर सड़क और जलजमाव जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क व नाली निर्माण की मांग की है।


