
Palamu: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर पलामू के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (DC) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को अपने कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में SIR प्रक्रिया के तहत अब तक हुई प्रगति, मिले दावे-आपत्तियों के निस्तारण, नोटिस पाने वाले मतदाताओं के वेरिफिकेशन और आगे के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

14 अक्टूबर तक सत्यापन, 19 को अंतिम प्रकाशन
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि चुनाव आयोग के संशोधित शेड्यूल के अनुसार 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई थी। इसके बाद 5 अगस्त से 30 सितंबर तक दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं। इस दौरान पलामू जिले की पांचों विधानसभा सीटों से कुल 63,467 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के 23,619 और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 39,848 आवेदन शामिल हैं। इन आवेदनों की जांच, नोटिस और निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 4,739 BLA-2 तैनात
बैठक में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 (BLA-2) की उपस्थिति और भूमिका पर भी मंथन किया गया। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न राजनीतिक दलों ने अब तक कुल 4,739 BLA-2 नियुक्त किए हैं। उपायुक्त ने मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने में BLA-2 के सहयोग पर जोर दिया।
नो-मैपिंग वाले मतदाताओं के घर खुद जाएंगे BLO
नो-मैपिंग (No Mapping) और डेटा गड़बड़ी (Anomalies) के कारण नोटिस पाने वाले मतदाताओं को लेकर भी प्रक्रिया स्पष्ट की गई। अधिकारियों ने बताया कि BLO खुद ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर आवश्यक कागजात जुटाएंगे और उन्हें ‘ECI Net’ या ‘BLO App’ पर अपलोड करेंगे। इसके बाद ERO या AERO दस्तावेजों की समीक्षा कर फैसला लेंगे। सामान्य स्थिति में मतदाताओं को दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था भी की जाएगी।
मजदूरों और बेघरों के लिए लगेंगे विशेष कैंप
जिले में जरूरतमंदों, रैन बसेरों में रहने वालों, दैनिक मजदूरों और बेघर लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष हेल्प डेस्क और कैंप लगाए जाएंगे। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पूरी पुनरीक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक समेत कई दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।


