
Ranchi: रांची जिले के बुंडू थाना परिसर में अवैध अफीम की खेती पर पूर्ण विराम लगाने और ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बुंडू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों के पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP) ओमप्रकाश ने की।

अनुमंडल के सभी क्षेत्रों में लगातार चल रहा जागरूकता अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी ओमप्रकाश ने कहा कि अफीम की खेती के सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। पिछले एक महीने से बुंडू अनुमंडल के बुंडू, तमाड़, दशम फॉल, राहे और सोनाहातू थाना क्षेत्रों में लगातार सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को अफीम के दुष्परिणामों और इससे होने वाले कानूनी नुकसान के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में अफीम की खेती को पूरी तरह से रोका जा सके।

कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
डीएसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के बावजूद यदि कोई व्यक्ति अफीम की खेती करते पाया गया, तो उसके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और अफीम की खेती से जुड़ी किसी भी गुप्त सूचना को तुरंत पुलिस प्रशासन के साथ साझा करें।


