
Jamshedpur: लौहनगरी जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस का कोई डर नजर नहीं आ रहा है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड बाराद्वारी फुलबस्ती में देर रात उस वक्त अचानक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब स्कूटी पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी की घटना में मोहम्मद राजा नामक युवक के हाथ में दो गोलियां लगी हैं।

घायल युवक MGM अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ घायल मो. राजा को आनन-फानन में इलाज के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुराने विवाद को लेकर हुआ हमला
अस्पताल में इलाज के दौरान घायल मोहम्मद राजा ने बताया कि गुरुवार शाम लगभग 8 बजे के आसपास बाराद्वारी देव नगर आश्रम के पास उसका इस्माइल और कोदू नामक युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी आपसी विवाद और रंजिश को लेकर दोनों युवकों ने घात लगाकर उस पर जानलेवा हमला किया और गोलियां चला दीं।
आरोपियों की धर-पकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी
घटना के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर और आसपास के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फायरिंग में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


