
Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर शुक्रवार को एक दुखद और दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से 63 वर्षीय एक बुजुर्ग यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी सुरेश कुमार भगवानी (63 वर्ष) के रूप में हुई है।

गया में पिंड दान करने जा रहे थे परिजन
जानकारी के मुताबिक, सुरेश कुमार अपने परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे और बिहार के गया जी में पिंड दान करने जा रहे थे। वे चेरपल्ली से पटना जाने वाली ट्रेन में सवार थे। बोकारो स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के दौरान सुरेश कुमार पीने का पानी लेने के लिए प्लेटफार्म पर उतरे थे।

चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान बिगड़ा संतुलन
जीआरपी (GRP) थाना प्रभारी अमरेंद्र कोटवार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पानी भरने के बाद जैसे ही सुरेश कुमार वापस अपनी बोगी की तरफ पहुंचे, तभी ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगी। ट्रेन को छूटता देख उन्होंने चलती गाड़ी में ही चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ गया। वे ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच की खाली जगह (गैप) में जा गिरे।
जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण सुरेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


