
Ranchi: राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर आगे चल रहे एक बड़े ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

कार के उड़े परखच्चे, मौके पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के वक्त कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

एक की मौत, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना की जानकारी मिलते ही बेड़ो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कार में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
यातायात कराया गया सुचारू
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मृतक की पहचान करने और हादसे के विस्तृत कारणों की जांच में जुट गई है।


