
Jamshedpur: जमशेदपुर शहर की सड़कों पर अपनी निजी गाड़ियों पर अनुचित रूप से ‘POLICE’ लिखकर घूमने वाले लोगों के खिलाफ जमशेदपुर यातायात (ट्रैफिक) पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। SSP के सख्त निर्देश के बाद शहर भर में ऐसे वाहनों की धर-पकड़ और विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।

SSP आवास पर पहुंचे टाटा स्टील कर्मी की गाड़ी से शुरू हुआ मामला

दरअसल, यह पूरा मामला तब पुलिस महकमे में चर्चा का केंद्र बना जब टाटा स्टील यूआईएसएल (UISL) का एक कर्मचारी अपनी निजी कार पर बड़ा-बड़ा ‘पुलिस’ लिखवाकर सीधे SSP आवास पहुंच गया। निजी वाहन पर ‘पुलिस’ की प्लेट लगी देखकर अधिकारियों के कान खड़े हो गए। इसके तुरंत बाद एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए शहर के सभी यातायात थाना प्रभारियों को ऐसे वाहनों को चिह्नित कर जांच का आदेश जारी किया।
रौब दिखाने और जांच से बचने का प्रयास
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई लोग आम जनता पर धौंस जमाने, गैर-कानूनी रौब दिखाने या फिर चेकिंग और टोल प्लाजा पर जांच से बचने के उद्देश्य से अपने निजी दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर ‘पुलिस’ लिखवा लेते हैं। यह न केवल कानून के खिलाफ है बल्कि इससे पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल होती है।
शहर भर में चल रहा जांच अभियान
SSP के आदेश के बाद जमशेदपुर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी गहनता से जांच कर रही है कि निजी वाहनों पर ‘POLICE’ शब्द या पुलिस के प्रतीक चिह्नों का प्रयोग किस उद्देश्य और अधिकार से किया जा रहा है। दोषी पाए जाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत चालान काटने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


