
Ranchi: आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त (DC) रांची मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

शहर के प्रमुख पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
उपायुक्त और एसएसपी ने राजधानी के प्रमुख और बड़े पूजा पंडालों का दौरा किया। अधिकारियों की टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब (रतुआ रोड), सत्य अमरलोक, बकरी बाजार (अपर बाजार), राजस्थान मित्र मंडल और चंद्रशेखर आजाद क्लब समेत कई प्रमुख पूजा पंडालों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंडाल निर्माण, प्रवेश-निकास द्वार, बिजली के तारों की स्थिति और आपातकालीन रास्तों का बारीकी से मुआयना किया गया।

अधिकारियों की पूरी टीम रही मौजूद
सुरक्षा व्यवस्था के इस विस्तृत जायजे के दौरान सिटी एसपी, एसडीएम (SDM सदर), ट्रैफिक SP, ग्रामीण SP, एडीएम (ADM लॉ एंड ऑर्डर) समेत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के तमाम वरीय पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।
फायर सेफ्टी और भीड़ नियंत्रण के सख्त निर्देश
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पूजा समितियों और अधिकारियों को सुरक्षा से जुड़े कई अहम दिशा-निर्देश दिए। DC और SSP ने सभी पंडालों में फायर फाइटिंग (अग्निशमन) सिस्टम को दुरुस्त रखने, सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने और भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) के लिए मजबूत बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पूजा देखने आने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग से सुगम और सुरक्षित व्यवस्था करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।


