
Durga Puja 2026: आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर जिला पुलिस पूरी तरह तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में जिला पुलिस मुख्यालय के सभागार में पुलिस प्रशासन, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और केंद्रीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

सिटी एसपी ललित मीणा ने की बैठक की अध्यक्षता
इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता सिटी एसपी ललित मीणा ने की। बैठक में जमशेदपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों की कुल 351 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जो केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अंतर्गत आती हैं।

सुरक्षा और समस्याओं के समाधान पर हुआ मंथन
बैठक के दौरान पूजा उत्सव के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं, जैसे—भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा के इंतजाम और आपातकालीन सुविधाओं—पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों से सुझाव लिए और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
बेहतर समन्वय से शांतिपूर्ण पूजा कराने पर जोर
सिटी एसपी ललित मीणा ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस बल और पूजा समितियों के बीच आपसी समन्वय (कोऑर्डिनेशन) बेहद जरूरी है। उन्होंने पूजा कमेटियों से पंडालों में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने, स्वयंसेवकों (वॉलिंटियर्स) की तैनाती करने और अग्निशमन मानकों का पालन करने की अपील की, ताकि जमशेदपुर में दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।


