
Koderma : कोडरमा जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तिलैया थाना क्षेत्र से पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2.92 ग्राम ब्राउन शुगर, ‘टपटव’ कंपनी का मोबाइल फोन और नशीले पदार्थ की सटीक नापतोल के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन बरामद की है। पकड़े गए तस्कर से हुई कड़ाई से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क के एक और सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी की गुप्त सूचना पर बेलाटांड़ मंदिर के पास नाकेबंदी
कोडरमा पुलिस अधीक्षक (SP) को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि काले रंग की गंजी पहने एक व्यक्ति हजारीबाग के बरही इलाके से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर खरीदकर तिलैया थाना क्षेत्र स्थित बेलाटांड़ मंदिर के पास किसी ग्राहक को डिलीवरी देने पहुंचने वाला है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ (SDPO) कोडरमा की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल बेलाटांड़ मंदिर के आसपास रणनीतिक रूप से घेराबंदी कर गुप्त निगरानी शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी, जवानों ने खदेड़कर पकड़ा
निगरानी के दौरान हुलिए से मेल खाता एक संदिग्ध व्यक्ति मौके पर दिखाई दिया। जैसे ही उसकी नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उसने भागने की कोशिश की। हालांकि, अलर्ट जवानों ने तुरंत पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान प्रीतम राणा के रूप में दी।
तराशी में मिली 2.92 ग्राम ब्राउन शुगर और इलेक्ट्रॉनिक तराजू
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से सफेद पारदर्शी प्लास्टिक में सादे कागज के अंदर लपेटकर रखी गई करीब 2.92 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और वेइंग मशीन बरामद हुई। पूछताछ में प्रीतम राणा ने स्वीकार किया कि वह हजारीबाग के बरही से यह खेप खरीदकर लाया था और तिलैया के स्थानीय इलाकों में इसकी सप्लाई करने जा रहा था।
सप्लायर मोहित कुमार भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी प्रीतम राणा की निशानदेही पर पुलिस टीम ने हजारीबाग जिले के बरही में ताबड़तोड़ छापेमारी की और मुख्य सप्लायर मोहित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


