
Ranchi RIMS News: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में इलाज कराने आने वाले हजारों मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। अब जांच कराने के बाद रिपोर्ट हासिल करने के लिए मरीजों को दोबारा अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। रिम्स प्रबंधन ने पूरी प्रक्रिया को डिजिटल करते हुए जांच रिपोर्ट सीधे मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजने की अत्याधुनिक व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके तहत जांच रिपोर्ट तैयार होते ही मरीज के फोन पर एक सुरक्षित लिंक भेज दिया जाएगा।

दूर-दराज के मरीजों का बचेगा समय और किराया
इस डिजिटल पहल का सबसे बड़ा फायदा रांची के बाहर और राज्य के सुदूर ग्रामीण इलाकों से आने वाले गरीब मरीजों को मिलेगा। पहले सामान्य या जटिल जांच कराने के बाद सिर्फ रिपोर्ट का पर्चा लेने के लिए मरीजों को अगले दिन या कई दिनों बाद दोबारा बस-ट्रेन का किराया लगाकर रिम्स आना पड़ता था। नई व्यवस्था से न केवल उनका आने-जाने का खर्च बचेगा, बल्कि मानसिक और शारीरिक परेशानी से भी निजात मिलेगी।

चार घंटे में तैयार होगी रिपोर्ट, फोन पर पहुंचेगा लिंक
प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार खून, पेशाब जैसी सामान्य जांचों की रिपोर्ट करीब चार घंटे के भीतर तैयार कर ली जाएगी। प्रक्रिया पूरी होते ही मरीज के मोबाइल पर तुरंत लिंक भेज दिया जाएगा, जिस पर क्लिक कर रिपोर्ट डाउनलोड की जा सकेगी। वहीं जिन विशेष जांचों में चार घंटे से अधिक का समय लगता है, उनकी रिपोर्ट भी तय समय-सीमा पूरी होते ही सीधे फोन पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
पहले ही दिन 1000 से अधिक मरीजों को मिली सुविधा
बुधवार को इस व्यवस्था की शुरुआत होते ही शानदार परिणाम देखने को मिले। पहले ही दिन 1000 से अधिक मरीजों को उनकी जांच रिपोर्ट मोबाइल लिंक के माध्यम से सफलतापूर्वक भेजी गई। रिम्स प्रबंधन का कहना है कि इस डिजिटल सेवा को जमीन पर उतारने के लिए पिछले काफी समय से तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था। सॉफ्टवेयर और सर्वर से जुड़ी तमाम तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के बाद अब इसे पूरी तरह सुचारू कर दिया गया है।


