
Ranchi/Khalari: कोयलांचल क्षेत्र खलारी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। चूरी मेन गेट के समीप खलारी-टंडवा मुख्य मार्ग पर शनिवार की अहले सुबह करीब ढाई बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फ्लाई ऐश लोड करने टंडवा जा रहा एक तेज रफ्तार हाइवा आगे चल रहे अज्ञात हाइवा से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

JCB की मदद से चालक को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन के केबिन में ही बुरी तरह फंस गया और दर्द से कराहने लगा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और मौके पर पहुंचे सीआईएसएफ (CISF) के अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। इसके बाद तुरंत एक जेसीबी (JCB) बुलाई गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अगले हिस्से में रस्सी बांधकर खींचते हुए केबिन को चौड़ा किया गया, जिसके बाद काफी मशक्कत से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

CISF जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा, इंस्पेक्टर राजीव शर्मा, उप निरीक्षक अनिल राय और प्रधान आरक्षक आर.के. राय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। हादसे में घायल हुए चालक की पहचान सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) निवासी विनय यादव और खलासी की पहचान संजय यादव के रूप में हुई है।
CCL डाकरा से रिम्स रांची रेफर, पुलिस जांच में जुटी
रेस्क्यू के तुरंत बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए CCL डाकरा अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। उधर, घटना की सूचना पर पहुंची खलारी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे में शामिल दूसरे अज्ञात हाइवा वाहन का पता लगाने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।


