
Ranchi: झारखंड के चर्चित युवा नेता और विधायक जयराम महतो ने शैक्षणिक क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) धनबाद से अपनी पीएचडी (Ph.D.) की पढ़ाई सफलता पूर्वक पूरी कर ली है। सभी औपचारिक शैक्षणिक प्रक्रियाएं संपन्न होने के बाद अब उनके नाम के आगे आधिकारिक रूप से ‘डॉक्टर’ (Dr.) जुड़ गया है।

समर्थकों में भारी उत्साह, सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़
जयराम महतो की इस बड़ी शैक्षणिक सफलता की जानकारी सामने आते ही उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर विभिन्न मंचों पर लोग इसे गर्व का विषय बताते हुए उन्हें लगातार शुभकामनाएं और बधाई दे रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि जयराम महतो ने यह साबित कर दिखाया कि सक्रिय राजनीति में रहते हुए भी उच्च शिक्षा हासिल की जा सकती है।

किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं जयराम महतो
उल्लेखनीय है कि जयराम महतो मूल रूप से बोकारो जिले के एक साधारण ग्रामीण किसान परिवार से आते हैं। विपरीत परिस्थितियों और जमीनी संघर्षों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई कभी नहीं छोड़ी। पीएचडी (Ph.D.) की उपाधि प्राप्त करने से पहले उन्होंने धनबाद के प्रसिद्ध पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज से अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर (M.A.) की डिग्री हासिल की थी।
युवाओं और छात्रों के लिए बने प्रेरणा
राजनीतिक भागदौड़ और जनसेवा के बीच डॉक्टरेट की डिग्री हासिल कर जयराम महतो ने राज्य के युवाओं के सामने एक नई मिसाल पेश की है। उनके क्षेत्र के लोग और छात्र-छात्राएं उनकी इस उपलब्धि को काफी प्रेरणादायी मान रहे हैं।


