
Silli News: आगामी दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रांची जिले के सिल्ली थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सिल्ली थाना एवं मुरी ओपी (OP) की ओर से संयुक्त रूप से बुलाई गई थी, जिसकी अध्यक्षता सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने की।

सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर हुआ मंथन
बैठक में मुरी ओपी प्रभारी विकास पासवान, राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंह देव समेत क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान पूजा उत्सव के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

सभी पंडालों में सीसीटीवी (CCTV) लगाना अनिवार्य
प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक में मौजूद पूजा समितियों से अपने-अपने पंडालों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा पंडाल परिसरों में साफ-सफाई, अग्निशमन के उपाय, वॉलंटियर्स की तैनाती और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की अपील की गई।
सर्वश्रेष्ठ और स्वच्छ पूजा समितियों को किया जाएगा सम्मानित
बैठक के दौरान सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने एक नई पहल की घोषणा करते हुए बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान जो समितियां सर्वश्रेष्ठ पंडाल, स्वच्छता और सबसे बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखेंगी, उन्हें प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से सभी पूजा समितियों के बीच स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था को लेकर एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी।


