
Ranchi: राजधानी के नामकुम इलाके में अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तुंजू के नचलदाग स्थित एक होटल और बुतियो की किराना दुकानों में छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 173 बोतल और कैन विदेशी शराब व बीयर बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक जब्त शराब और बीयर की कुल मात्रा 79.44 लीटर है। कार्रवाई के दौरान शराब रखने और बेचने से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन संबंधित लोग दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 274/26 दर्ज कर BNS और उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई है।
SSP को मिली सूचना के बाद बनी टीम
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को रांची SSP को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम के तुंजू और बुतियो इलाके में होटल और दुकानों से कथित तौर पर अवैध विदेशी शराब बेची जा रही है।
इसके बाद ग्रामीण एसपी के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक प्रथम अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में नामकुम थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल को मिलाकर छापेमारी टीम बनाई गई।
होटल में रेड, कार्टन में छिपाकर रखी थी शराब
पुलिस टीम ने सबसे पहले तुंजू के नचलदाग में बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो के होटल में छापेमारी की।
पुलिस का दावा है कि होटल से कुल 53 बोतल विदेशी शराब और बीयर मिली, जिसकी कुल मात्रा करीब 24.5 लीटर थी। इनमें 31 बोतल बीयर के अलावा अलग-अलग ब्रांड की व्हिस्की शामिल थी।
कुछ शराब होटल के कमरे में कार्टन के अंदर छिपाकर रखे जाने की बात भी पुलिस ने कही है। वैध कागजात नहीं दिखाए जाने पर शराब जब्त कर बजरंग महतो को गिरफ्तार किया गया।
किराना दुकान के फ्रिज में मिली बीयर और शराब
इसके बाद पुलिस की टीम बुतियो पहुंची और वहां दुकानों में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, शिव शंकर बड़ाईक से संबंधित दुकान के फ्रिज और कार्टन से कुल 79 बोतल और कैन शराब व बीयर बरामद हुई, जिसकी मात्रा 38.39 लीटर बताई गई है।
इनमें 50 कैन बीयर के साथ अलग-अलग ब्रांड की व्हिस्की की बोतलें शामिल थीं।
दूसरी दुकान से भी 41 बोतल बरामद
पुलिस ने शिवा बड़ाईक की दुकान से भी 41 बोतल और कैन शराब व बीयर बरामद करने का दावा किया है। इसकी कुल मात्रा 16.55 लीटर बताई गई है।
यहां भी बीयर के साथ अलग-अलग साइज की व्हिस्की की बोतलें मिलीं। पुलिस के मुताबिक कुछ शराब कार्टन में छिपाकर रखी गई थी।
कुल 79.44 लीटर शराब और बीयर जब्त
तीनों ठिकानों की कार्रवाई को मिलाकर पुलिस ने कुल 173 बोतल और कैन जब्त किए हैं। इनकी कुल मात्रा 79.44 लीटर बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि बरामद शराब से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखाए गए। इसके बाद नामकुम थाने में केस दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी को लेकर प्रेस रिलीज में अलग-अलग जानकारी
पुलिस की ओर से जारी विवरण में गिरफ्तारी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। गिरफ्तार व्यक्तियों की सूची में बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो, शिव शंकर बड़ाईक और पंकज बड़ाईक के नाम दिए गए हैं।
वहीं घटनाक्रम के विवरण में कहा गया है कि शिव शंकर बड़ाईक पुलिस को देखकर दुकान से फरार हो गया, जबकि बजरंग महतो और पंकज बड़ाईक को गिरफ्तार किया गया।


