
Ranchi: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में सड़क से वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट करने और उसके गले से सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।

गाड़ी हटाने को कहने पर बढ़ा था विवाद
कोतवाली सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) निखिल राय ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 सितंबर को पिंकू कुमार चौधरी अपनी कार से अमरूद बगान स्थित अपने आवास लौट रहे थे। हरेगोबिंद नर्सिंग होम के समीप सड़क पर एक कार और टेंपो खड़े थे, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। जब पिंकू ने टेंपो चालक सूरज यादव से वाहन हटाने का अनुरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

परिजनों को बुलाकर की बेरहमी से पिटाई, चेन भी छीनी
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सूरज यादव ने अपने बेटों रोहित यादव, मोहित यादव, अंशु यादव और 4-5 अन्य अज्ञात लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पिंकू पर हमला कर दिया। पिंकू ने जान बचाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे घेरकर लात-घूंसों से गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने टीम गठित कर दो को दबोचा, अन्य की तलाश जारी
घटना के बाद पीड़ित पिंकू कुमार चौधरी ने सुखदेवनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने 10 सितंबर की रात दबिश देकर आरोपी मोहित कुमार और राजेन्द्र महली को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान मोहित की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई। पुलिस का कहना है कि कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


