
Deoghar News: देवघर समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त (DC) सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO), विपणन पदाधिकारी (MO), गोदाम प्रबंधक और विभाग के वरीय अधिकारी शामिल हुए।

जनवितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने के दिए गए कड़े निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जनवितरण प्रणाली (PDS) को दुरुस्त करने, राशन कार्डधारियों को हर महीने समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने और सुदूरवर्ती इलाकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया। कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त (DDC) को मधुपुर अनुमंडल और नगर आयुक्त को देवघर अनुमंडल का वरीय प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

लापरवाह अधिकारियों पर गिरेगी गाज, बाजार समिति एजीएम पर कार्रवाई
समीक्षा के क्रम में कार्य में शिथिलता और कोताही बरतने वाले बाजार समिति के एजीएम (AGM) के खिलाफ उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के साथ-साथ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दुकानों के औचक निरीक्षण के लिए विशेष जांच दल का गठन
पीडीएस (PDS) व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले की सभी राशन दुकानों के औचक निरीक्षण का फैसला लिया गया है। इसके लिए विशेष जांच दल गठित करने का निर्देश दिया गया है, जो प्रत्येक प्रखंड में जाकर खाद्यान्न की उपलब्धता, वितरण और स्टॉक की गहन जांच करेगा। अगर राशन वितरण में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित डीलर का लाइसेंस रद्द करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डोर स्टेप डिलीवरी दुरुस्त करने और संवेदनशील रहने की अपील
उपायुक्त ने गोदामों से पीडीएस दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचने की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ‘डोर स्टेप डिलीवरी’ को मजबूत किया जाए ताकि अनाज समय पर दुकानों तक पहुंचे। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक राशन पहुंचाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और जनता को परेशान करने वाले डीलरों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर आयुक्त सुलोचना मीना, जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) प्रीतिलता किस्कू, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी (APRO) रोहित कुमार विद्यार्थी समेत सभी प्रखंडों के आपूर्ति अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


