
Giridih: गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्माटांड गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पक्ष की महिलाएं दूसरे पक्ष की महिलाओं पर सरेआम लाठियों से बेरहमी से हमला करती और पीटती हुई दिखाई दे रही हैं। घटना की सटीक तिथि फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन मामला चित्माटांड गांव का ही बताया जा रहा है।

काम कराने के दौरान अचानक हुआ हमला, कई लोग घायल
घटना के बाद पीड़िता सुनीता कुमारी ने पुलिस थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में सुनीता कुमारी ने बताया कि विवादित प्लॉट पर उनका लंबे समय से पुराना विवाद चला आ रहा है। घटना वाले दिन जब सुनीता देवी और उनके परिवार के सदस्य उस जमीन पर काम करा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग अचानक वहां आ धमके और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में सुनीता देवी समेत परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

7 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए शिकायत दर्ज
पीड़िता सुनीता कुमारी ने गांव के ही सात लोगों के खिलाफ धनवार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में राजेंद्र कुशवाहा, सुमन देवी, अनिता देवी, अंजू कुमारी, अनुराधा कुमारी, अंजली कुमारी और अनिकेत कुमार शामिल हैं। पीड़िता का आरोप है कि इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कर रही मामले की जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और पीड़िता द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। धनवार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


