
JPSC-JSSC CGL: झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC-CGL) में हुई कथित गड़बड़ी और पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी की टीम ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सीआईडी ने गुरुवार की देर रात कोडरमा से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिन पर परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों से अवैध वसूली करने का संदेह है। दोनों को रांची लाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने अब तक 28 सफल अभ्यर्थियों से भी विस्तृत पूछताछ की है।

कोडरमा से दो संदिग्ध हिरासत में, भूमिका की जांच जारी
CID की विशेष जांच दल (SIT) ने गुप्त सूचना के आधार पर कोडरमा के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार को पकड़ा, जबकि दूसरी टीम ने डोमचांच के गोलवढाब से राजेश यादव को हिरासत में लिया। जांच एजेंसी को शक है कि दोनों युवक सफल अभ्यर्थियों और गिरोह के मुख्य सरगनाओं के बीच पैसों के लेनदेन की कड़ी का काम कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में ठोस साक्ष्य मिलने पर दोनों के खिलाफ विधिवत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मास्टरमाइंड अभय तिवारी और धर्मेंद्र से आमने-सामने पूछताछ
परीक्षा में कथित धांधली के मास्टरमाइंड बताए जा रहे अभय तिवारी और धर्मेंद्र कुमार की भूमिका की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है। शुक्रवार को एसआईटी ने धर्मेंद्र कुमार और अभय तिवारी को आमने-सामने बैठाकर घंटों पूछताछ की। दोनों से नेटवर्क के संचालन, अभ्यर्थियों की सूची और अवैध रकम के बंटवारे को लेकर कई अहम जानकारियां जुटाने का प्रयास किया गया।
बेंगाबाद बना नेटवर्क का केंद्र, 20 से अधिक अभ्यर्थी रडार पर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मास्टरमाइंड अभय तिवारी के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित ससुराल में हाल ही में हुई छापेमारी के बाद से सीआईडी की टीम इलाके में लगातार डेरा डाले हुए है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने बेंगाबाद क्षेत्र में अपनी गहरी पैठ बना रखी थी। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के करीब 20 अभ्यर्थी इस पूरे मामले में संलिप्त पाए जा रहे हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, अभ्यर्थियों की भूमिका उजागर होती जा रही है और आने वाले दिनों में यहां बड़ी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
चार सफल अभ्यर्थियों को नोटिस, पुलिस महकमे में हलचल
सीआईडी ने बेंगाबाद थाना पुलिस की मदद से इलाके के चार सफल अभ्यर्थियों के घर नोटिस तामिल कराया है और उनसे जवाब तलब किया है। इनमें मोतीलेदा के सिजुआ, ताराटांड़ पंचायत के बड़ियाबाद, बदवारा पंचायत के मुरगुमी और एक अन्य गांव के अभ्यर्थी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में बेंगाबाद से गिरफ्तार समीर उर्फ शालू से मिले सुरागों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। नोटिस भेजे जाने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।


