
Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से चोरी की एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। चोरों ने सेक्टर-1 स्थित मतेश्वरी श्रृंगार दुकान को निशाना बनाया, जो कि लाइट हाउस के ठीक सामने स्थित है। देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और काउंटर में रखे कैश समेत कीमती श्रृंगार के सामान पर हाथ साफ कर चंपत हो गए।

सुबह दुकान खोलते ही उड़े मालिक के होश

सुबह जब पीड़ित दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचा, तो शटर का टूटा ताला देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा हुआ मिला और तिजोरी पूरी तरह खाली थी। घटना के बाद पीड़ित दुकान मालिक चोरी हुए सामान और कैश के नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।
CCTV में कैद हुई चोरी, पुलिस में दर्ज हुई FIR
इस पूरी चोरी की घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ जगन्नाथपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
व्यापारियों में दहशत, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
जगन्नाथपुर और आसपास के इलाके में पिछले कुछ दिनों से चोरों का गिरोह काफी सक्रिय है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में डर का माहौल है। हालांकि, हाल ही में रांची पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इसी इलाके से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।


