
रोहतास: डेहरी-ऑन-सोन प्रखंड के जमुहार स्थित बाबा गणिनाथ महाविद्यालय परिसर में रविवार को अखिल भारतीय कानू हलवाई वैश्य महासभा की ओर से एक दिवसीय सामाजिक एवं राजनीतिक विशेष चिंतन शिविर सह जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जदयू एमएलसी राधा चरण सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति के साथ राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।

चिंतन शिविर: राजनीति में भागीदारी और शिक्षा पर जोर
पूर्व MLC राधा चरण सेठ ने कहा कि बड़ी आबादी के बावजूद कानू हलवाई समाज सत्ता की मुख्यधारा में अपेक्षित भागीदारी हासिल नहीं कर सका है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास सामाजिक रूप से पिछड़ी और सत्ता की मुख्यधारा से दूर जातियों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रोहतास में फिर शुरू होगा पत्थर उद्योग, रोजगार की उम्मीद
कार्यक्रम के दौरान राधा चरण सेठ ने रोहतास में पत्थर उद्योग दोबारा शुरू होने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि पत्थर खनन शुरू होने से रोहतास के साथ कैमूर, औरंगाबाद और अरवल जैसे आसपास के जिलों को भी फायदा होगा। उनके मुताबिक, उद्योग शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रोकने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


