
Ranchi: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। हरमू रोड स्थित चतरा रायफल शूटिंग क्लब में ट्रेनिंग लेने वाली लड़कियों के चेंजिंग रूम और वॉशरूम में चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड किए जाने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई वीडियो भी मिले हैं, जिनकी तकनीकी जांच कराई जा रही है।

बच्ची के फोन के बाद परिजनों का हंगामा
रविवार की शाम इस पूरे मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब एक ट्रेनी छात्रा ने अपने पिता को फोन कर तुरंत क्लब बुलाया। छात्रा के पिता उस समय कटहल मोड़ के पास थे। मौके पर पहुंचे पिता को छात्रा ने बताया कि एक अन्य साथी लड़की ने उसे वॉशरूम जाने से रोका और अंदर मोबाइल या कैमरा छिपाकर रिकॉर्डिंग किए जाने की जानकारी दी। इस बात का पता चलते ही परिजनों ने क्लब परिसर में भारी विरोध जताया और सुरक्षा को लेकर कड़े सवाल खड़े किए।

CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने क्लब प्रबंधन से तुरंत सभी CCTV कैमरों की फुटेज दिखाने और उसे सुरक्षित रखने की मांग की। हालांकि उस समय प्रबंधन ने यह कहकर बात टालने की कोशिश की कि संस्थान के डायरेक्टर चतरा में हैं। परिजनों का कहना है कि वे पिछले ढाई साल से अपनी बेटी को सुरक्षित माहौल और बेहतर भविष्य की उम्मीद में शूटिंग सीखने भेज रहे थे। ऐसे में इस तरह की घटना सामने आना किसी भी खेल अकादमी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान है।
तकनीकी जांच और पूछताछ में जुटी पुलिस
परिजनों ने वॉशरूम में रिकॉर्डिंग डिवाइस की जानकारी देने वाली लड़की और उसकी मां से भी विस्तार से पूछताछ करने का आग्रह किया है ताकि मामले की कड़ियां पूरी तरह साफ हो सकें। इधर कोतवाली पुलिस ने ट्रेनर के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस टीम अब आरोपी के जब्त मोबाइल, संभावित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज और क्लब परिसर के CCTV फुटेज को फॉरेंसिक पड़ताल के लिए भेजकर पूरे नेटवर्क और इसके पीछे के मकसद की जांच कर रही है।


