
Ranchi Crime News: राजधानी रांची के कचहरी रोड स्थित एक होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात हुई औचक छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के कमरों से 3 युवतियों और 9 युवकों समेत कुल 12 लोगों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ी गई युवतियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार, होटल संचालक और मैनेजर बाहर से लड़कियों को बुलाकर उनसे गलत काम करवा रहे थे।

आधा दर्जन होटलों और बार में सघन जांच
रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम ने लालपुर और कोतवाली थाना क्षेत्रों के कई होटलों और बार में औचक तलाशी अभियान चलाया था। इसी जांच के दौरान पुलिस को कचहरी रोड के एक होटल में संदिग्ध गतिविधियों का पक्का इनपुट मिला। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कमरों की तलाशी ली, जहां से आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा गया। घटना के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

WhatsApp के जरिए ग्राहकों से सौदा
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क को काफी संगठित तरीके से चलाया जा रहा था। होटल मालिक और मैनेजर संभावित ग्राहकों को सीधे WhatsApp पर युवतियों की तस्वीरें भेजते थे। रेट तय होने के बाद ग्राहकों को होटल की लोकेशन भेजी जाती थी और भुगतान के बाद कमरा उपलब्ध कराया जाता था। इसके बदले युवतियों के रहने, खाने और तय कमीशन का इंतजाम होटल प्रबंधन ही करता था।
शहर के अन्य होटलों पर भी बढ़ा पहरा
कचहरी रोड की कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने शहर के अन्य इलाकों में भी निगरानी सख्त कर दी है। लालपुर क्षेत्र के कई बार और होटलों की भी जांच की गई, जहां मौजूद संदिग्ध लोगों से पूछताछ हुई। सिटी SP पारस राणा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। होटल के रजिस्टर, कमरों के बुकिंग रिकॉर्ड और जब्त किए गए मोबाइल फोन्स का डेटा खंगाला जा रहा है, ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।


