
Chatra: चतरा में आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी सिलसिले में चतरा एसपी ने जिले के अन्य सीनियर अधिकारियों के साथ शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों का दौरा किया और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।

सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश
एसपी ने पुलिस टीम के साथ एसपी आवास से निकलते हुए हरलाल तालाब, जतराजीबाग और लकलकवा मंदिर समेत कई प्रमुख पूजा स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पंडालों के चप्पे-चप्पे पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग एग्जिट गेट बनाने और महिलाओं के लिए विशेष एंट्री गेट की व्यवस्था करने को कहा गया है।

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए बाहर के जिलों से भी बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस जवानों को बुलाया गया है। शहर के चौराहे और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है, ताकि आम श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
असामाजिक तत्वों पर 107 का नोटिस
SP ने साफ चेतावनी दी है कि पूजा के दौरान हुड़दंग मचाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। ऐसे संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को पहचानकर उन पर धारा 107 के तहत कार्रवाई की जा रही है और नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
साइबर सेल की रहेगी हर पोस्ट पर नजर
सोशल मीडिया के जरिए किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों को रोकने के लिए एक स्पेशल आईटी सेल का गठन किया गया है। यह टीम इंटरनेट पर चौबीसों घंटे निगरानी रखेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


