
Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची थाना इलाके में सब्जी मंडी के पास स्थित गुप्ता लॉज में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की टीम ने अचानक छापेमारी कर लॉज के संचालक मानिक साह और सह संचालक नारायण तंतुबाई को मौके से गिरफ्तार कर लिया। लंबी पूछताछ के बाद सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव की शिकायत पर मानिक साह, नारायण तंतुबाई और कंचन कुमारी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।

सीक्रेट इनपुट के बाद SSP के आदेश पर रेड
साकची थाना पुलिस को पक्की गुप्त सूचना मिली थी कि गुप्ता लॉज में असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों का लगातार आना-जाना बना रहता है। इसके साथ ही बाहर से युवतियों को बुलाकर उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए SSP के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई और लॉज की घेराबंदी कर अचानक तलाशी शुरू की गई।

कमरों की तलाशी में मिले आपत्तिजनक सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लॉज के कमरों की बारीकी से जांच की। कई कमरों से महिलाओं के कपड़े, शराब की बोतलें, सिगरेट और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। मौके पर मौजूद स्थिति से यह साफ हो गया कि लॉज की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियां धड़ल्ले से चलाई जा रही थीं।
रजिस्टर में बड़ा झोल, अधूरा था एंट्री रिकॉर्ड
पुलिस ने जब काउंटर पर रखे गेस्ट रजिस्टर की पड़ताल की, तो वहां बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गई। लॉज में रुकने और आने-जाने वाले ज्यादातर लोगों की एंट्री पूरी तरह दर्ज नहीं थी। कई पन्नों पर अधूरा रिकॉर्ड मिला ताकि संदिग्ध लोगों की पहचान छिपाई जा सके। नियमों की धज्जियां उड़ते देख पुलिस ने संचालक और सह संचालक को तुरंत दबोच लिया।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस टीम
गिरफ्तारी के बाद दोनों से थाने में कड़ी पूछताछ की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह काला कारोबार कब से चलाया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में शहर या बाहर के कौन-कौन से दलाल जुड़े हैं। इसके अलावा लॉज में बुलाई जाने वाली युवतियों और मुख्य सरगना के बारे में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।


