
Chatra: चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में महज डेढ़ साल पहले ब्याही गई एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला है। मृतका की पहचान नारायणपुर निवासी इंद्रदेव भारती की बेटी सोनी देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग डेढ़ साल पहले रहरिया स्थित रामचक तरी निवासी अजय भारती के साथ हुई थी। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की खातिर बेटी की हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग नकद रुपये और सोने के जेवरों की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

समझौता करने गए परिजनों के साथ भी मारपीट
मृतका के परिजनों के अनुसार 5 तारीख को भी दहेज की मांग को लेकर सोनी के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद जब मायके वाले और गांव के कुछ लोग आपस में बात करके मामला सुलझाने बेटी के ससुराल पहुंचे, तो वहां विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने उल्टे पंचायत करने गए सोनी के पिता और भाई पर ही हमला कर दिया और उनकी पिटाई कर दी। परिजनों का दावा है कि इसी विवाद के बाद दामाद और उसके परिवार ने मिलकर सोनी की हत्या कर दी।
सघटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


