
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को एक दिवसीय रोहतास दौरे पर रहे। दौरे की शुरुआत बेदा-मोकर बाईपास के लोकार्पण से हुई, जबकि समापन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय करूप में आयोजित सेवा सेतु अभियान एवं सहयोग शिविर में संबोधन के साथ हुआ।

मुख्यमंत्री ने बेदा फ्लाईओवर के पास 9.2 किलोमीटर लंबे बेदा-मोकर बाईपास का लोकार्पण किया। करीब 122 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को वर्ष 2020 में स्वीकृति मिली थी। यह सड़क दो लेन विद अर्थन शोल्डर और चार ROB/ब्रिज के साथ EPC मोड पर बनाई गई है।

सासाराम शहर को जाम से मिलेगी राहत
बाईपास के शुरू होने से पुरानी जीटी रोड पर कलेक्ट्रेट, सदर अस्पताल, सिविल कोर्ट और रेलवे स्टेशन के आसपास भारी वाहनों के दबाव में कमी आने की उम्मीद है। पटना, आरा, बक्सर, चौसा और बिक्रमगंज की ओर आने-जाने वाले भारी वाहन अब शहर के बाहर से गुजर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बाईपास के समीप पोखर का भी निरीक्षण किया। इसका कायाकल्प अभियान के तहत सौंदर्यीकरण किया गया है।
मंच पर NDA के कई नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मौजूद रहीं।
इसके अलावा डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह, सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा, चेनारी विधायक मुरारी गौतम, दिनारा विधायक आलोक सिंह, करहगर विधायक वशिष्ठ सिंह और तरारी विधायक विशाल प्रशांत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पीएम श्री विद्यालय में खगोलीय विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन
बाईपास के बाद मुख्यमंत्री पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, करूप पहुंचे। यहां उन्होंने खगोलीय विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया और सेवा सेतु अभियान एवं सहयोग शिविर में लोगों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2030 तक बिहार को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य की बात कही। उन्होंने रोजगार, शिक्षा, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और गरीब कल्याण को प्राथमिकता बताया।
CM के भाषण की 5 बड़ी बातें
1. 2030 तक रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं और मजदूरों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए वर्ष 2030 तक राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
2. शाहाबाद क्षेत्र में एयरपोर्ट की तैयारी
सम्राट चौधरी ने कहा कि दरभंगा और पूर्णिया में एयरपोर्ट शुरू हो चुका है। अब शाहाबाद क्षेत्र को भी हवाई सेवा से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा और रोहतास-शाहाबाद क्षेत्र में एयरपोर्ट बनाने की दिशा में पहल होगी।
3. पर्यटन को बढ़ावा देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने रोहतास के गुप्ताधाम, मां ताराचंडी, यक्षिणी भवानी धाम और चौरासन धाम का जिक्र करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि फिलहाल करीब 50 हजार पर्यटक आते हैं और अगले पांच साल में इसे बढ़ाकर पांच लाख करने का लक्ष्य है।
4. शिक्षा में तकनीक का इस्तेमाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दिल्ली, मुंबई और कोटा जाना पड़ता था। अब ‘विद्यार्थी साथी’ ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात में भी ऑनलाइन शिक्षकों से पढ़ाई कर सकते हैं।
5. गरीब कल्याण योजनाओं पर जोर
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में करोड़ों लोगों को पक्के मकान मिले हैं। बिहार में आवास और बिजली बिल में सब्सिडी जैसी योजनाओं का लाभ भी गरीबों तक पहुंच रहा है।
2030 तक विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2030 तक बिहार को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार रोजगार, शिक्षा, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और गरीब कल्याण पर फोकस कर रही है। रोहतास दौरे के दौरान बाईपास के लोकार्पण और विभिन्न घोषणाओं को इसी रोडमैप से जोड़कर देखा गया।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


