
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा शहर स्थित रामरायपुर हाईस्कूल में कार्यरत गणित शिक्षक हरेराम को पुलिस ने फर्जी डिग्री के मामले में गिरफ्तार किया है। जमुई पुलिस ने शेखपुरा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए शिक्षक को स्कूल परिसर से ही गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद जमुई पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। पुलिस के अनुसार, हरेराम ने कथित तौर पर फर्जी B.Ed डिग्री के आधार पर वर्ष 2015 में दिव्यांग कोटे से सरकारी शिक्षक की नौकरी हासिल की थी।

11 साल से कर रहा था नौकरी
शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, हरेराम मूल रूप से शेखपुरा जिले के घाटकुसुंभ प्रखंड के भदौस गांव का रहने वाला है। नौकरी के समय उसने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की 752 अंकों वाली B.Ed डिग्री शिक्षा विभाग में जमा की थी। सरकारी सेवा में चयन के बाद उसकी शुरुआती पोस्टिंग जमुई जिले में ही हुई थी। बाद में वह शेखपुरा के रामरायपुर हाईस्कूल में गणित शिक्षक के पद पर कार्यरत था।
निगरानी जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की निगरानी जांच के दौरान हरेराम की B.Ed डिग्री की भी जांच की गई। यह जांच पटना हाईकोर्ट के निर्देश के बाद शुरू हुई थी।जांच में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की बताई गई B.Ed डिग्री फर्जी पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद जमुई में शिक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया।
जमुई पुलिस ने की गिरफ्तारी
शेखपुरा सदर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद हरेराम के खिलाफ जमुई में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए जमुई पुलिस ने शेखपुरा पुलिस के सहयोग से रामरायपुर हाईस्कूल में छापेमारी की और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। अब जमुई पुलिस उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई है।


