
Ranchi: राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम को लेकर जिला प्रशासन और रांची नगर निगम के बीच छिड़ी जंग अब पूरी तरह चरम पर पहुंच गई है। सोमवार को जिला प्रशासन द्वारा स्टेडियम में तालाबंदी किए जाने के बाद मंगलवार की रात रांची नगर निगम ने पलटवार करते हुए स्टेडियम को पूरी तरह सील कर दिया। रात करीब आठ बजे नगर निगम के इंफोर्समेंट अफसरों की टीम दलबल के साथ स्टेडियम पहुंची और देखते ही देखते स्टेडियम के चारों मुख्य द्वारों को सील कर दिया।

21 अक्टूबर तक छावनी में तब्दील रहेगा स्टेडियम
वहीं दूसरी तरफ, स्टेडियम के आसपास कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सदर एसडीओ ने सुरक्षा का कड़ा पहरा लगा दिया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कुल 49 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। रोस्टर के अनुसार ये सभी मजिस्ट्रेट 21 अक्टूबर तक तीन अलग-अलग शिफ्टों में स्टेडियम के आसपास लगातार मुस्तैद रहेंगे।

कोतवाली पुलिस के साथ लगातार संपर्क में रहने के निर्देश
सदर एसडीओ द्वारा तैनात किए गए सभी 49 मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे ड्यूटी के दौरान नियमित रूप से स्थानीय कोतवाली थाने की पुलिस के साथ संपर्क बनाए रखें। किसी भी तरह की अप्रिय घटना या विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए इलाके में चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, ताकि शहर की कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।


