
Ranchi: राजधानी रांची के पुंदाग इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से ठीक पहले मंगेतर के इनकार और दहेज के दबाव से तंग आकर एक होनहार युवती ने अपनी जान दे दी। मृतका विजयश्री नायक ने बीते 19 सितंबर को अपने घर की तीसरी मंजिल की छत पर फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के पिता विजय शंकर नायक ने पांच अक्टूबर को जगन्नाथपुर थाने में गाजियाबाद निवासी मंगेतर अंजन चौधरी और उसके परिवार वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बेंगलुरु में कॉर्पोरेट जॉब और दिसंबर में शादी की तैयारी
परिजनों के अनुसार विजयश्री नायक बेंगलुरु की एक प्रतिष्ठित कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव अकाउंट्स रिसीवेबल के पद पर काम कर रही थीं। उनका रिश्ता गाजियाबाद के रहने वाले अंजन चौधरी के साथ तय हुआ था और दोनों की सगाई भी बड़े धूमधाम से हो चुकी थी। शादी की तारीख नौ दिसंबर 2026 तय की गई थी और इसके लिए गाजियाबाद में वेन्यू तक बुक कर लिया गया था। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इसी बीच लड़के वालों के असली चेहरे सामने आने लगे।

दो बार पहले भी सगाई तोड़ने का सच छिपाया
पिता का गंभीर आरोप है कि सगाई होने के बाद उन्हें पता चला कि अंजन चौधरी इससे पहले भी दो बार अन्य युवतियों से सगाई तोड़ चुका था। इस बात को लड़के और उसके पूरे परिवार ने शादी की बात चलाते वक्त पूरी तरह छिपाकर रखा था। इसके अलावा सगाई के बाद से ही युवक शराब पीने लगा था और उसने विजयश्री से बातचीत करना बहुत कम कर दिया था। विजयश्री ने अपने परिवार को रोते हुए बताया था कि अंजन और उसके घरवाले लगातार दहेज और भारी रकम की मांग कर मानसिक दबाव बना रहे हैं।
फोन पर शादी से तोड़ा नाता, रांची लौटते ही उठाया खौफनाक कदम
शिकायत के मुताबिक विजयश्री 12 सितंबर को अपनी बहन के साथ हैदराबाद गई थीं। इसी दौरान 14 सितंबर को अंजन ने अचानक फोन कर शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद 17 सितंबर को भी रात करीब सवा दस बजे से लेकर देर रात डेढ़ बजे तक दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई, जिसमें अंजन ने दोबारा शादी न करने की जिद दोहराई। इस धोखे और बेइज्जती से बुरी तरह आहत होकर विजयश्री 18 सितंबर की रात रांची अपने घर लौट आईं। अगले ही दिन 19 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे छोटी बहन ने पिता को फोन कर बताया कि विजयश्री ने छत पर फंदा लगा लिया है। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट में छलका दर्द, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पिता का कहना है कि सुसाइड नोट में बेटी ने मंगेतर अंजन और उसके परिवार की तरफ से मांगी जा रही मोटी रकम, दहेज के दबाव और लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना का साफ-साफ जिक्र किया है। शादी से ऐन वक्त पर मुकरने और भारी मानसिक तनाव के चलते उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। पिता की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बरामद सुसाइड नोट व कॉल डिटेल्स के आधार पर गाजियाबाद के आरोपी परिवार के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।


