
रांची: राजधानी रांची में इस साल होने वाले रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। मोरहाबादी मैदान और अरगोड़ा मंडा मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। पंजाबी हिन्दू बिरादरी की दशहरा कमेटी 2026 और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सीएम हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

मोरहाबादी और अरगोड़ा में होगा रावण दहन
राजधानी में हर साल की तरह इस बार भी दशहरा के मौके पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। 20 अक्टूबर को मोरहाबादी मैदान के साथ अरगोड़ा मंडा मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।

दोनों आयोजन समितियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता दिया है।
CM ने पूछा कैसी चल रही रावण दहन की तैयारी
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से दोनों जगह होने वाले रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की और कार्यक्रम को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
दशहरा कमेटी और अरगोड़ा समिति के सदस्य रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में पंजाबी हिन्दू बिरादरी, दशहरा कमेटी 2026 के अध्यक्ष कुणाल अजमानी के साथ राजेश मेहरा, सौरभ खन्ना, सुनील कालरा, हैप्पी फिंगर, राहुल माकन, राकेश गिरधर और रणदीप आनंद शामिल रहे।
वहीं श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा के अध्यक्ष प्रकाश साहू के साथ जय प्रसाद साहू, वीरेंद्र प्रसाद साहू, मुनेश्वर साहू, सुभाष प्रसाद साहू, युवराज साहू और सुमित साहू समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।


