
Gumla : गुमला जिले की रहने वाली 11 वर्षीय छात्रा आरोही खंडेलवाल ने अपनी असाधारण कला प्रतिभा के बल पर बेहद कम उम्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। DAV पब्लिक स्कूल गुमला की कक्षा 6 में पढ़ने वाली आरोही का नाम प्रतिष्ठित ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया है। विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान उन्हें विश्व रिकॉर्ड का आधिकारिक प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

महज 11 साल की उम्र में मानद डॉक्टरेट
आरोही ने मात्र 11 वर्ष, 7 माह और 17 दिन की आयु में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। इतनी कम उम्र में कला के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल करने वाली वह दुनिया की सबसे कम उम्र की बच्ची बन गई हैं। इसी बेमिसाल उपलब्धि के आधार पर उन्हें ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में स्थान दिया गया है।

प्रधानाचार्या ने की मेहनत और लगन की तारीफ
विशेष सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या माधवी पांडेय ने आरोही की अद्भुत प्रतिभा और रचनात्मक सोच की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी सी उम्र में कला और संस्कृति के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल करना आरोही की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और लगन का परिणाम है। आरोही की इस सफलता से न केवल उनके स्कूल का, बल्कि पूरे गुमला जिले और राज्य का नाम रोशन हुआ है।


