
Jharkhand News: केंद्रीय गृह मंत्रालय के पुलिस-I प्रभाग ने वर्ष 2026 के लिए बैकलॉग कैडर के IPS अधिकारियों के लिए स्पेशल फाउंडेशन कोर्स का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इसी कड़ी में झारखंड कैडर के चार IPS अधिकारियों को भी इस खास प्रशिक्षण के लिए चुना गया है।

देशभर से 110 अफसर होंगे शामिल
केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के अलग-अलग बैचों, यानी 2019 से 2024 तक के कुल 110 बैकलॉग IPS अधिकारियों को इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नामित किया है। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि वे इन सभी अधिकारियों को तय तारीख और स्थान के मुताबिक ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए तुरंत कार्यमुक्त करें।

झारखंड से इन चार अफसरों के नाम शामिल
जारी की गई आधिकारिक सूची में झारखंड कैडर के कुल चार IPS अधिकारियों के नाम दर्ज हैं, जिन्हें इस प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग संस्थानों में भेजा जा रहा है। इनमें 2020 बैच के कुमार शिवाशीष, 2021 बैच के पारस राणा और राकेश सिंह, तथा 2024 बैच के अंकित सिन्हा का नाम शामिल है।
दो अलग-अलग संस्थानों में होगी ट्रेनिंग
गृह मंत्रालय की ओर से जारी किए गए कार्यक्रम के मुताबिक यह पूरा प्रशिक्षण दो अलग-अलग प्रमुख संस्थानों में आयोजित किया जाएगा। इस पूरी कवायद का मकसद उन अधिकारियों को अनिवार्य फाउंडेशन ट्रेनिंग दिलाना है, जो किन्हीं कारणों से पहले यह प्रशिक्षण पूरा नहीं कर पाए थे, ताकि उनकी सेवा संबंधी औपचारिकताएं पूरी हो सकें।


