
पटना: बिहार के मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अनंत सिंह बेड पर पेट के बल लेटे हुए नजर आ रहे हैं और एक पंडित उनके माथे पर तिलक लगा रहे हैं।

वीडियो का सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला हिस्सा उस समय सामने आता है, जब अनंत सिंह की नजर कैमरा बना रहे मोबाइल पर पड़ती है। इसके बाद वह तुरंत बेड से उठकर खड़े हो जाते हैं।

तिलक के बाद माला, फिर आया काला चश्मा
वायरल वीडियो में पंडित अनंत सिंह के माथे पर तिलक लगाते दिखाई दे रहे हैं। पास में पूजा से जुड़ी सामग्री और फूलों की माला भी नजर आती है। कैमरे पर नजर पड़ने के बाद अनंत सिंह खड़े होते हैं। इसके बाद पंडित उन्हें फूलों की माला पहनाते हैं। इसी दौरान उनके सहयोगी गमछा और काला चश्मा लेकर पहुंचते हैं। गमछा और काला चश्मा पहनने के बाद अनंत सिंह कैमरे की ओर देखते हुए अपने खास अंदाज में पोज देते नजर आते हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा
तिलक लगवाने से लेकर काला चश्मा पहनकर कैमरे के सामने पोज देने तक का पूरा घटनाक्रम वीडियो में दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग अनंत सिंह के अंदाज पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स उनके काले चश्मे और खास स्टाइल की चर्चा कर रहे हैं।
पहले भी चर्चा में रहा है काला चश्मा
अनंत सिंह का काला चश्मा और उनका खास पहनावा पहले भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहा है। इस वीडियो में भी तिलक और माला के बाद काला चश्मा पहनने के बाद उनका लुक और अंदाज बदलता हुआ नजर आता है। यही हिस्सा सोशल मीडिया पर यूजर्स का सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है।


