
मुंगेर: लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और पद्मभूषण स्व. रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि गुरुवार को मुंगेर के तारापुर स्थित लोजपा (रामविलास) के प्रधान कार्यालय रामाशीष भवन में मनाई गई। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान के विचारों, सिद्धांतों और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

‘रामविलास पासवान को दूसरा अंबेडकर कहा जाता है’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि स्व. रामविलास पासवान को भारत का दूसरा अंबेडकर कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कठिन संघर्ष, ईमानदारी और राजनीतिक क्षमता के बल पर पासवान ने देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी जाति और वर्गों को साथ लेकर चलना स्व. पासवान के राजनीतिक जीवन की प्रमुख विशेषता रही। उनके मुताबिक, सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब पार्टी कार्यकर्ता उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
संगठन मजबूत करने की अपील
मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी का लक्ष्य राष्ट्रीय पार्टी बनना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान स्व. रामविलास पासवान के कार्यों और विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष जयराम मंडल ने की, जबकि संचालन चंद्रशेखर चौधरी ने किया। मौके पर प्रदेश सचिव रवींद्र पासवान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कलावती देवी, IT सेल जिलाध्यक्ष रोहित सिंह, युवा अध्यक्ष विशाल आनंद, मिथुन पासवान, चंदन पासवान समेत सभी प्रखंड अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद कार्यकर्ताओं और गरीब लोगों के बीच भोज का भी आयोजन किया गया।
(सुमित कुमार की रिपोर्ट)


