
केसरिया: क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी(DM) सौरभ सुमन यादव ने कढ़ान बैरिया स्थित शहीद भगत सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक स्कूल पहुंचने पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित मिले, जबकि छात्रों की उपस्थिति भी अच्छी पाई गई। जिलाधिकारी ने स्कूल में चल रही पढ़ाई की स्थिति का जायजा लिया और कक्षाओं में पठन-पाठन की व्यवस्था देखी। उन्होंने स्मार्ट क्लास के संचालन का भी निरीक्षण किया और डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली।

बच्चों को खुद पढ़ाया गणित
स्मार्ट क्लास के दौरान DM ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से गणित के सवाल पूछे और कुछ प्रश्नों को हल करने का तरीका भी समझाया। जिलाधिकारी को खुद बच्चों की क्लास लेते देखकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत भी की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में ‘शिक्षा साथी ऐप’ के उपयोग के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐप के बारे में बताया और पढ़ाई में इसके इस्तेमाल की सलाह दी। डीएम ने विद्यालय में डिजिटल माध्यम से शिक्षा को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, चकिया एसडीओ शिवानी शुभम और केसरिया बीडीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


