
Ranchi: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या की बड़ी साजिश को पुलिस ने वक्त रहते नाकाम कर दिया है। संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घात लगाकर खड़े मुख्य आरोपी हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा को पुलिस ने उसके दो नाबालिग साथियों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान 22 वर्षीय मुख्य आरोपी के पास से कमर में छिपाकर रखी गई एक लोडेड देशी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया गया, जबकि दोनों नाबालिगों के पास से भी महंगे स्मार्टफोन जब्त किए गए हैं।

5 अक्टूबर को दी थी जान से मारने की धमकी, पिता ने दर्ज कराई थी FIR
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक के पिता बबलू नायक ने 5 अक्टूबर को कांके थाने में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि होचर गांव निवासी हेमंत मुंडा और उसके साथी उनके बेटे को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और कभी भी कोई बड़ी अनहोनी कर सकते हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने इसे गंभीरता से लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक स्पेशल टीम बनाकर जांच शुरू कर दी।

ओवरब्रिज के नीचे खड़े थे आरोपी, घेराबंदी कर दबोचा
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी हेमंत मुंडा अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ संग्रामपुर ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध हालत में खड़ा है और किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष छापेमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी और जवानों को देखते ही तीनों आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन मुस्तैद सुरक्षाबलों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा।
कमर से निकली सिल्वर रंग की लोडेड पिस्टल और 7.65mm का कारतूस
हिरासत में लेने के बाद जब पुलिस ने मुख्य आरोपी हेमंत मुंडा (22 वर्ष) की तलाशी ली, तो उसकी कमर से सिल्वर रंग की एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने जब हथियार को अनलोड किया, तो उसमें 7.65mm का एक जिंदा कारतूस लोड पाया गया। इसके अलावा आरोपियों के पास से Redmi और Realme कंपनी के दो स्मार्टफोन भी मिले। हथियार का कोई भी वैध लाइसेंस या कागजात पेश न करने पर पुलिस ने जब्ती सूची बनाकर हथियार और मोबाइल फोन को सीज कर लिया।
हेमंत मुंडा जाएगा जेल, दोनों नाबालिग भेजे जाएंगे रिमांड होम
कांके थाना पुलिस ने आरोपी हेमंत मुंडा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्य आरोपी हेमंत मुंडा को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) भेजने की तैयारी की जा रही है, जबकि अपराध में शामिल दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेजा जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में होने वाली एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।


