
Ranchi : राजधानी रांची में अपराधियों और मोबाइल स्नैचर्स के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला Airport थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड का है, जहां हिनू से स्टेट हैंगर की तरफ मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति से लाल रंग की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। हटिया स्टेशन रोड, गितिलपीड़ी के रहने वाले पीड़ित विक्रम कुमार लकड़ा अपनी पत्नी के साथ टहलते हुए जैसे ही स्टेट हैंगर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

धक्का देने से सड़क पर गिरे पीड़ित, सिर और हाथ में आई गंभीर चोटें
मोबाइल छीनने के दौरान अपराधियों ने पीड़ित को इतनी जोर से धक्का दिया कि वे सीधे सड़क पर गिर पड़े। इस अचानक हुए हमले और छिनतई के चक्कर में पीड़ित के सिर, हाथ और घुटने में गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। पीड़ित ने बताया कि झपट्टा मारकर छीना गया मोबाइल उनके जीजा अनुप परिमल तिग्गा ने खरीदा था और उन्हें गिफ्ट के रूप में दिया था। घटना के बाद बदहवास पत्नी ने किसी तरह एक टुकटुक (ई-रिक्शा) की मदद से उन्हें तुरंत डोरंडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद Airport थाना में FIR दर्ज
डोरंडा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया था। हालांकि, बेहतर और सही इलाज के लिए परिजन उन्हें ओरमांझी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चला। अब स्वास्थ्य में सुधार होने और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित ने Airport थाना पहुंचकर दोनों अज्ञात स्कूटी सवार अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज कराई है। Police ने मामला दर्ज कर इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।


