
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, अहियापुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की छत पर हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से तीन छात्राएं प्रभावित हुईं। इनमें से दो को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

लंच के दौरान छत पर गई थीं छात्राएं
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लंच के समय कुछ बच्चे खाना खाने के लिए स्कूल की छत पर चले गए थे। इसी दौरान वे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। घटना में तीन बच्चे प्रभावित हुए, जिनमें सातवीं और आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिक्षा विभाग के अनुसार, दोनों छात्राओं की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम की मदद से घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों छात्राओं को बर्न इंजरी, एक ICU में भर्ती
SKMCH में इलाज कर रहे डॉक्टर सत्यपाल ने बताया कि दोनों छात्राओं को बर्न इंजरी हुई है। उनकी जांच की जा रही है और ECG भी कराया गया है। एहतियात के तौर पर एक छात्रा को सर्जिकल ICU में रखा गया है, जहां 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जाएगा। फिलहाल दोनों की स्थिति ठीक बताई गई है।
शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप, जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद घायल छात्राओं के परिजनों में आक्रोश है। घायल संध्या की मां ने स्कूल के शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी बेटी के बेहतर इलाज की भी मांग की।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्कूल परिसर में जुट गए और हंगामा किया। सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल छात्राओं का हालचाल लिया और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल शिक्षा विभाग शिक्षकों की भूमिका की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी या नहीं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
(गोविंद कुमार की रिपोर्ट)


