
Ranchi: राजधानी रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा, लेकिन दर्शकों को दोपहर 3 बजे से ही स्टेडियम में एंट्री मिलने लगेगी। अगर आप भी मैच देखने जा रहे हैं तो घर से निकलने से पहले स्टेडियम की गाइडलाइन जरूर जान लें। क्योंकि कई ऐसी चीजें हैं, जिन्हें लेकर पहुंचने पर आपको गेट पर ही रोक दिया जाएगा। इतना ही नहीं, एक बार स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा अंदर जाने की भी अनुमति नहीं मिलेगी।



एक बार बाहर निकले तो दोबारा नहीं मिलेगी एंट्री, बच्चों के लिए भी टिकट जरूरी
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए सबसे जरूरी नियम नो री-एंट्री पॉलिसी है। इसका मतलब है कि एक बार स्टेडियम के अंदर जाने के बाद अगर आप किसी वजह से बाहर निकलते हैं तो उसी टिकट पर दोबारा एंट्री नहीं मिलेगी। इसलिए दर्शकों को अंदर जाने से पहले अपनी जरूरत की चीजों और टिकट का ध्यान रखना होगा। वहीं, बच्चों के लिए भी टिकट अनिवार्य किया गया है। यहां तक कि नवजात शिशु को लेकर आने वाले लोगों के पास भी उसके लिए अलग से वैध टिकट होना जरूरी है। बिना टिकट किसी को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा।

हालांकि, ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शकों के लिए राहत की बात है। उन्हें टिकट की कागज वाली कॉपी लेकर आने या काउंटर से अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल में मौजूद डिजिटल QR कोड को गेट पर स्कैन करवाकर सीधे स्टेडियम में एंट्री ली जा सकेगी। ऐसे में दर्शक अपने मोबाइल में टिकट का QR कोड पहले से तैयार रखें, ताकि गेट पर परेशानी न हो।
सिक्के, हेलमेट, पानी की बोतल और बैग लेकर पहुंचे तो होगी परेशानी
स्टेडियम के अंदर सुरक्षा को लेकर कई सामान ले जाने पर रोक लगाई गई है। दर्शक अपने साथ सिक्के, बाइक या स्कूटर का हेलमेट, बैग, थैला, झोला, पानी की बोतल या बाहर से खरीदा गया खाना नहीं ले जा सकेंगे। कांच और प्लास्टिक की बोतलों के अलावा टिन, कैन और मेटल के कंटेनर भी प्रतिबंधित हैं। DSLR कैमरा, वीडियो रिकॉर्डर, लैपटॉप, कंप्यूटर, ट्रांजिस्टर, ईयर प्लग और हेडफोन ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा सिगरेट, बीड़ी, लाइटर, तंबाकू उत्पाद, शराब और किसी भी तरह के नशीले पदार्थों पर पूरी तरह रोक रहेगी। पटाखे, आतिशबाजी का सामान, हथियार, नुकीली चीजें और आग पकड़ने वाले या जहरीले केमिकल भी स्टेडियम के अंदर नहीं ले जा सकेंगे। संगीत बजाने वाले उपकरण, व्यावसायिक लोगो वाले बैनर और प्रायोजकों के अधिकारों का उल्लंघन करने वाले झंडे या पोस्टर भी प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे में बेहतर होगा कि दर्शक सिर्फ जरूरी सामान और अपना टिकट लेकर ही स्टेडियम पहुंचें।

स्टेडियम जाने से पहले ट्रैफिक रूट भी चेक कर लें
भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले को लेकर JSCA स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़कों के साथ शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की ओर से कई रास्तों पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। इसलिए मैच देखने जाने वाले दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और स्टेडियम पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर चलें। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि गेट दोपहर 3 बजे से खुल जाएंगे। ऐसे में समय से पहले पहुंचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने से दर्शक बिना परेशानी मैच का आनंद ले सकेंगे।


