
Chatra: चतरा जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और आए दिन सड़कें खून से लाल हो रही हैं। जिला परिवहन विभाग की प्रशासनिक कार्रवाई महज कागजी दावों तक सिमट कर रह गई है, जबकि धरातल पर सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा मामला जिले के मयूरहंड प्रखंड अंतर्गत करमा क्षेत्र का है, जहां हजारीबाग-इटखोरी मुख्य मार्ग पर दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे में तीन लोगों के टूटे पैर
घटना में घायल हुए लोगों की पहचान ढेवा देरी गांव निवासी शक्ति साहू और रघु साहू के रूप में हुई है, जबकि तीसरा घायल व्यक्ति करमा गांव का रहने वाला मोहन यादव बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिलें करमा से हजारीबाग-इटखोरी मार्ग की ओर जा रही थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार और भयंकर थी कि तीनों बाइक सवारों के पैर टूट गए और वे सड़क पर तड़पने लगे।

स्थानीय लोगों ने संभाला, बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को संभाला। घायलों की बेहद गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया है। लगातार हो रहे इन जानलेवा हादसों ने स्थानीय पुलिस और परिवहन प्रशासन की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


