
chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के DC मनीष कुमार ने टोंटो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी, मरीजों के इलाज की व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। खास तौर पर सांप काटने और कुत्ते के काटने पर दी जाने वाली दवाओं के स्टॉक के बारे में पूछा। DC ने स्वास्थ्यकर्मियों को साफ निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण इलाकों में लोगों को समय पर इलाज मिले, इसके लिए सभी डॉक्टर और कर्मचारी तय ड्यूटी के अनुसार काम करें।

गर्भवती महिलाओं की जांच और टीकाकरण की भी ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान DC ने अस्पताल में नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की प्रसव से पहले होने वाली जांच और इमरजेंसी सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि जरूरी दवाओं को किस तरह रखा जा रहा है और मरीजों को इलाज के दौरान कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं। DC ने निर्देश दिया कि अस्पताल में जरूरी दवाओं की उपलब्धता बनी रहे, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को परेशानी न हो। इस दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल और टोंटो के CO भी मौजूद रहे।

पंचायत भवन के काम की भी जांच, क्वालिटी से समझौता नहीं करने का निर्देश
अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद DC मनीष कुमार बड़ाझींकपानी पंचायत भवन पहुंचे। यहां उन्होंने पंचायत भवन को बेहतर बनाने के लिए चल रहे काम का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण में अच्छी क्वालिटी की सामग्री का इस्तेमाल हो और काम तय योजना और लागत के अनुसार पूरा किया जाए। साथ ही काम की नियमित निगरानी करने को भी कहा, ताकि पंचायत भवन में आने वाले ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


